एक माह में दो तीन बार जुकाम हो जाता है? यहां जानें उपाय

एक माह में दो तीन बार जुकाम हो जाता है? यहां जानें उपाय

सेहतराग टीम

सर्दी जुकाम ऐसी समस्‍या है जो कभी भी आपको जकड़ सकती है। खासकर हर मौसम के बदलाव के साथ तो इसका खतरा सबसे अधिक होता है। इस आलेख में हम सर्दी-जुकाम, छींकों तथा सांस की ऐसी ही एलर्जी के बारे में सवाल जवाब के रूप में जानकारी दे रहे हैं।

प्रश्‍न: एक माह में दो तीन बार जुकाम हो जाता है? पहले तरल और बाद में गाढ़ा पीला सा पदार्थ निकलता है। क्‍या उपाय करूं?

उत्‍तर: संभवत: इस समस्‍या का कारण एलर्जी हो सकता है। तरल की जांच और कल्‍चर कराएं। साइनस का एक्‍स रे भी करवाएं। तरल का पीला होना संक्रमण का सूचक है। इन जांचों के नतीजे आने के बाद किसी ईएनटी यानी नाक, कान गला रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। वो आपको बीमारी के सही कारण के बारे में बताएंगे। अगर किसी एलर्जी के कारण ऐसा हो रहा होगा तो भविष्‍य में उस चीज से बचकर रहना होगा।

प्रश्‍न: छीकें बहुत आती हैं। एक बार छींक आने के बाद दो-तीन मिनट तक लगातार छींक आती ही रहती है।

उत्‍तर: इस प्रकार की छींक आने के कई कारण हो सकते हैं। जैसे एलर्जी या नाक के संक्रमण के कारण भी छींक आ सकती है। नाक में जब तरल एकत्र हो जाता है तो उससे भी छींक आ सकती है। शरीर छींक के जरिये इस तरल से मुक्ति पाने की कोशिश करता है। वैसे किस वजह से लगातार छींक आती है ये जांच से पता चल सकता है। किसी ईएनटी से सलाह लें।

प्रश्‍न: अकसर नाक से पानी आता है, छींक भी आती है सांस लेने में परेशानी होती है।

उत्‍तर: ये एलर्जिक राइनाइटिस की समस्‍या हो सकती है। इस बीमारी के कई कारण हो सकते हैं जैसे, धूप, पॉलिन, कई खाद्य पदार्थ या दवाएं, साइनस, गले का संक्रमण आदि। साइनस का एक्‍स रे करवा लें। इसके अलावा नाक के तरल की विस्‍तृत जांच करवाएं। इसमें स्मियर कल्‍चर भी शामिल है। साथ ही एलर्जी से संबंधित अन्‍य जांच भी करवाएं।

प्रश्‍न: मुझे हर साल मौसम बदलने पर नाक से पानी आने लगता है। क्‍या हर वर्ष मौसम बदलाव से पहले एंटी एलर्जिक दवाओं के सेवन से इस मुसीबत से छुटकारा मिल सकता है?

उत्‍तर: नहीं, एंटी एलर्जिक दवाएं स‍िर्फ तभी असर करती हैं जब खून में एलर्जी उत्‍पन्‍न करने वाले तत्‍व मौजूद होते हैं। इनका उपयोग एलर्जी की रोकथाम के लिए नहीं कर सकते।

(यह आलेख प्रो. (डॉ) एम.पी. श्रीवास्‍तव और डॉ. संजय श्रीवास्‍तव की किताब सवाल आपके जवाब डॉक्‍टर के से साभार लिया गया है।)

 

इसे भी पढ़ें-

बार-बार परेशान करने वाले सर्दी-जुकाम से तुरंत राहत मिल जाएगी, आसान प्राकृतिक उपचार

एलर्जी से परेशान? डॉक्‍टर से जानिये जवाब

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।